आजमगढ़ : एनसीसी कैडेटों को आपदा प्रबंधन, साइबर सुरक्षा और रोड सेफ्टी का दिया प्रशिक्षण

Youth India Times
By -
0

सिविल डिफेंस टीम ने मॉकड्रिल के जरिए सर्पदंश, सीपीआर, अग्निशमन और प्राथमिक उपचार के सिखाए गुर

आजमगढ़। इटौरा, चंडेश्वर स्थित डेंटल कॉलेज में 99 यूपी बटालियन एनसीसी के 10 दिवसीय कैंप के छठवें दिन शनिवार को विभिन्न महत्वपूर्ण गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान जनपद की सिविल डिफेंस टीम ने एनसीसी कैडेटों को आपदा प्रबंधन, साइबर सुरक्षा, मिशन शक्ति, सड़क सुरक्षा और अग्निशमन सहित विभिन्न विषयों पर मॉकड्रिल के माध्यम से प्रशिक्षण दिया। साइबर सेल से एसआई रजत कुमार सिंह ने कैडेटों को साइबर अपराध के बढ़ते मामलों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट, एपीके फाइल, साइबर बुलिंग, बग और साइबर फ्रॉड के प्रचलित तरीकों के बारे में बताते हुए सावधानियों से अवगत कराया। इस दौरान आरक्षी विशाल यादव, हसीना खालन और विकास कुमार मौजूद रहे। मिशन शक्ति टीम की सिधारी थाना महिला प्रकोष्ठ की एसआई पूनम विश्वकर्मा ने 1090, 112 सहित शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए महिला सशक्तिकरण के प्रति कैडेटों को जागरूक किया। महिला प्रकोष्ठ की आरक्षी श्वेता, रुक्मिणी, सुषमा और रीता मौजूद रहीं। यातायात विभाग के टीएसआई दिलीप कुमार बिंद ने सड़क सुरक्षा के नियमों, हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात संकेत चिह्नों की जानकारी दी। उनके साथ आरक्षी शिव कुमार उपस्थित रहे। अग्निशमन विभाग के नीरज द्विवेदी ने आग लगने के कारणों और बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए डेमो के माध्यम से फायर फाइटिंग का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया। आपदा प्रबंधन टीम के प्रभारी डॉ. चंदन कुमार ने सिविल डिफेंस और आपदा से बचाव के उपाय बताए। कैडेटों को सर्पदंश, सीपीआर, प्राथमिक उपचार और आपदा की स्थिति में न्यूनतम नुकसान के लिए अपनाए जाने वाले व्यवहार का मॉकड्रिल के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया। समादेश अधिकारी एवं कैंप कमांडेंट कर्नल दिनेश शर्मा ने जिला प्रशासन की टीम को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी का प्रशिक्षण प्राप्त युवा आगे चलकर देश के श्रेष्ठ नागरिक बनते हैं और इस तरह का विशेष प्रशिक्षण उन्हें और सक्षम बनाता है। कार्यक्रम का संचालन लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज सिंह ने किया। इस अवसर पर सहयुक्त एनसीसी अधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा, लेफ्टिनेंट चंदन कुमार, लेफ्टिनेंट मनोज सक्सेना, सूबेदार मेजर विनोद कुमार, जेसीओ कौशलाल राणा, मोहम्मद शकील तथा पीआई स्टाफ नरेंद्र, मनोज कुमार, गोपाल आदि मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)