आजमगढ़ : आंधी-बारिश में क्रेटा कार पर गिरा विशाल पीपल का पेड़, तीन लोग बाल-बाल बचे

Youth India Times
By -
0


बच्चे के आपरेशन के लिए आजमगढ़ जा रहे थे कार सवार, पेड़ गिरने से मार्ग पर लगा जाम
आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के आजमगढ़-बिलरियागंज मार्ग पर श्रीनगर (सियरहां) गांव के पास शनिवार सुबह तेज आंधी-बारिश के दौरान एक विशाल पीपल का पेड़ अचानक सड़क से गुजर रही क्रेटा कार के ऊपर गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि उसमें सवार तीन लोग बाल-बाल बच गए। कार में चालक वाहिद खान पुत्र मोहम्मद अजमल, उनकी माता रुखसाना बानो और करीब 10 वर्षीय जोहैर खान निवासी जयराजपुर, थाना बिलरियागंज सवार थे। बताया गया कि तीनों बच्चे के आपरेशन के लिए जयराजपुर से आजमगढ़ स्थित डॉ. अब्दुल्ला के यहां जा रहे थे। अचानक पेड़ कार के ऊपर गिरने से मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर बिलरियागंज थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। विशाल पेड़ सड़क पर गिरने से आजमगढ़-बिलरियागंज मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सड़क से पेड़ हटाने का प्रयास किया गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)