पीड़ित पक्ष ने आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहां (असुरायन) में भैंस के पड़ोसी खेत में चले जाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान पड़ोसी गांव के एक युवक ने वृद्ध व्यक्ति पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग कराया। जानकारी के अनुसार, फैजुल्लाहपुर निवासी सोफियान अहमद पुत्र दिल्लू फरिहां (असुरायन) में भैंस चरा रहे थे। इसी दौरान उनकी भैंस गलती से बगल के खेत में चली गई। आरोप है कि इसी बात को लेकर अंकित चौहान पुत्र वीरेंद्र चौहान से उनका विवाद हो गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद के दौरान अंकित चौहान ने सोफियान अहमद पर जानलेवा हमला किया। वृद्ध पर हमला होते देख आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग कराया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। पीड़ित पक्ष ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित पक्ष की ओर से यह भी आरोप लगाया गया है कि अंकित चौहान पूर्व में भी लोगों से विवाद करता रहा है। करीब दो वर्ष पहले उसके असलहे के साथ फोटो और वीडियो वायरल होने की बात भी कही गई है। आरोप है कि उस समय नाबालिग होने के कारण स्थानीय पुलिस ने हिदायत देकर उसे छोड़ दिया था। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। मामले में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है।



