आजमगढ़ : बगीचे में पेड़ से लटका मिला युवक का शव

Youth India Times
By -
0

मानसिक बीमारी से पीड़ित था मृतक, रात में घर से निकला था; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

रिपोर्ट : पद्माकर मिश्रा
आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के हरईरामपुर गांव में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के सिवान स्थित एक बगीचे में पेड़ से एक व्यक्ति का शव लटका मिला। शव मिलने की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर गंभीरपुर पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। पेड़ से शव नीचे उतारे जाने के बाद उसकी पहचान 40 वर्षीय अरमान पुत्र अमीन निवासी हरईरामपुर के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक पूर्व में सैलून चलाता था। मृतक की पत्नी सूफियाना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति मानसिक रूप से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज भी चल रहा था। शुक्रवार रात करीब 11 बजे अरमान बिना बताए घर से निकल गए। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शनिवार सुबह ग्रामीणों से बगीचे में पेड़ से शव लटके होने की सूचना मिली। सूचना पर थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पत्नी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)