ग्राम प्रधान के बेटे समेत 8-10 लोगों पर लगाया आरोप
आजमगढ़। जनपद के थाना बरदह क्षेत्र के अहिरौली गांव में भाजपा मंडल अध्यक्ष के साथ रास्ता रोककर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने ग्राम प्रधान के बेटे समेत 8-10 लोगों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। मामले में जांच आख्या के आधार पर अभियोग पंजीकृत करने के निर्देश दिए गए हैं। अहिरौली गांव निवासी शिनोद कुमार मौर्य भाजपा के ठेकमा मंडल अध्यक्ष हैं। उन्होंने पुलिस चौकी ठेकमा में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 20 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे वह बाजार से अपने घर जा रहे थे। गांव के समीप पहुंचने पर रास्ते में 8-10 लोग खड़े होकर रास्ता अवरुद्ध किए हुए थे। उन्होंने रास्ते से हटने के लिए कहा तो आरोप है कि उक्त लोग गाली-गलौज करने लगे। पीड़ित के अनुसार, देखते ही देखते सभी लोग उनकी तरफ दौड़े और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिनोद कुमार मौर्य का कहना है कि आरोपितों ने उनसे कहा कि वे भाजपा के मंडल अध्यक्ष बनकर घूम रहे हैं और खुद को गुंडा समझ रहे हैं। किसी तरह वह मौके से भागकर अपनी जान बचाते हुए घर पहुंचे। पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद जब उन्होंने आसपास के लोगों से आरोपितों के बारे में जानकारी की तो पता चला कि उनमें अहिरौली ग्राम प्रधान के पुत्र खुशदिल सरोज पुत्र सनोज सरोज भी शामिल था। अन्य लोगों के नाम उन्हें जानकारी नहीं हो सके। घटना की सूचना उन्होंने फोन के माध्यम से थाना बरदह के प्रभारी निरीक्षक और चौकी प्रभारी ठेकमा को दी। इसके बाद शिनोद कुमार मौर्य ने 21 सितंबर को पुलिस चौकी ठेकमा में जनसुनवाई क्रमांक 788 के तहत प्रार्थना पत्र देकर घटना की जांच कराने तथा आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस की ओर से मामले की जांच की गई। जांच आख्या संलग्न किए जाने के बाद 23 सितंबर को थाना प्रभारी/प्रभारी अधिकारी की ओर से जांच आख्या के आधार पर अभियोग पंजीकृत करने के निर्देश दिए गए हैं।



