चलती टूरिस्ट बस में लगी भीषण आग, नौ यात्रियों की मौत

Youth India Times
By -
0

देर रात हुआ हादसा, धुएं और अफरा-तफरी के बीच कई यात्रियों ने खिड़की व दरवाजे से निकलकर बचाई जान

गौतमबुद्धनगर। ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर एयरपोर्ट के पास बुधवार देर रात चलती टूरिस्ट बस में अचानक आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। भीषण आग की चपेट में आने से बस में सवार नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद पुलिस और अन्य राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया। जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। उस समय बस नोएडा से करीब 34 किलोमीटर आगे यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर एयरपोर्ट के पास पहुंची थी। अचानक बस में आग लगने से यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। कई यात्री बस के अंदर फंस गए। जेवर कोतवाली पुलिस के अनुसार, मृतकों में एक महिला और आठ पुरुष शामिल हैं। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे से बची एक महिला यात्री ने बताया कि बस के अंदर अचानक धुआं भर गया था। बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया था। उन्होंने बताया कि चारों तरफ धुआं ही धुआं था और कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। यात्रियों के बीच बाहर निकलने के लिए धक्का-मुक्की होने लगी। इसी दौरान किसी ने उन्हें खींचकर बस से बाहर निकाला। बाहर आने के बाद उन्हें कुछ भी याद नहीं रहा। महिला यात्री के मुताबिक, बस में काफी संख्या में लोग सवार थे। अंदर फंसे यात्री दम घुटने से परेशान थे। जो लोग अफरा-तफरी के बीच रास्ता बनाकर बाहर निकल सके, वही बच पाए। उनके पीछे भी कई यात्री मौजूद थे, जो संभवत: बाहर नहीं निकल सके। वहीं, एक अन्य यात्री ने बताया कि वह बस में सो गया था। तभी किसी ने उसे जगाकर बताया कि बस में आग लग गई है। इसके बाद सभी यात्री घबराकर बाहर निकलने के लिए भागने लगे। बस में इतना धुआं था कि बाहर निकलना आसान नहीं था। किसी तरह वह भी बस से बाहर निकल पाया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)