![]() |
| फोटो ai |
पत्नी पर प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप, मुकदमा दर्ज
आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मोतीपुर गांव में ससुराल पहुंचे एक युवक की जहर खाने से मौत हो गई। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने उसकी पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मैनपारपुर निवासी त्रियुगी नरायण यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पुत्र विजय यादव की शादी 13 मई 2025 को मोतीपुर गांव निवासी रमाशंकर यादव की पुत्री सोनम यादव के साथ हुई थी। दोनों की सात माह की एक पुत्री भी है। तहरीर के मुताबिक, शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। पिछले करीब आठ माह से सोनम मायके में रह रही थी। आरोप है कि विजय अपनी पत्नी और बच्ची को साथ ले जाने का प्रयास करता था। इसी क्रम में 16 सितंबर 2026 को वह पत्नी को लेने उसके मायके मोतीपुर गया था। तहरीर के अनुसार, पत्नी ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया और दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद विजय ने ससुराल में ही जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर आसपास के लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर गंभीरपुर पुलिस ने सोनम यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



