आजमगढ़ : व्हाइट हाउस ने 13 सेकंड में मटकी फोड़कर हासिल किया प्रथम स्थान

Youth India Times
By -
0



प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज में धूमधाम से मनाई गई जन्माष्टमी, कृष्ण की झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
आजमगढ़। प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज, एटलस पोखरा के प्रांगण में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डा. देवेश दुबे, कौशल कुमार राय, रवि श्रीवास्तव एवं राजनारायण गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी झांकी प्रस्तुत की। इसके साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों के बीच आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हाउस के आधार पर प्रतिभाग किया। व्हाइट हाउस ने महज 13 सेकंड में मटकी फोड़कर प्रथम स्थान हासिल किया। ब्लू हाउस ने 21 सेकंड में मटकी फोड़कर द्वितीय तथा रेड हाउस ने 33 सेकंड में मटकी फोड़कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ध्रुव चंद्र मौर्य ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में सफलता हासिल करने के लिए दृढ़ संकल्प आवश्यक है। विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रयास करना चाहिए। विद्यालय के प्रबंधक रमाकांत वर्मा ने अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कोई भी प्रतियोगिता कठिन नहीं होती। यदि हमारे भीतर सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास है तो हम किसी भी प्रतियोगिता में सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद प्रबंधक ने प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में बच्चों और अभिभावकों में उत्साह एवं हर्षोल्लास का माहौल बना रहा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)