सेंट जेवियर्स हाई स्कूल समेदा में जन्माष्टमी पूर्व मटका फोड़ प्रतियोगिता, कृष्ण की बाल लीलाओं की झांकी ने मोहा मन
आजमगढ़। शहर के प्रतिष्ठित सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, समेदा के परिसर में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रशांत चंद्रा, आवासीय प्रबंध निदेशक अनिरुद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य विननंज शर्मा, उप प्रधानाचार्या संगीता राय और समन्वयक कुणाल गुप्ता ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा की वंदना के साथ की। मटका फोड़ प्रतियोगिता में मटके को करीब 25 फीट की ऊंचाई पर बांधा गया था। विद्यार्थियों ने गोविंदाओं का रूप धारण कर पिरामिड बनाते हुए मटके तक पहुंचने का प्रयास किया। रोमांचक मुकाबले में रेड हाउस के विद्यार्थियों ने महज 13 सेकंड में मटका फोड़कर प्रतियोगिता में विजय हासिल की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रशांत चंद्रा ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीकृष्ण ने अपने जीवन में अनेक लीलाएं कीं और सदैव सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने सत्य का साथ देते हुए पांडवों को महाभारत के युद्ध में विजय दिलाई। उनका जीवन विद्यार्थियों के लिए सत्य, कर्तव्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। आवासीय प्रबंध निदेशक अनिरुद्ध जायसवाल ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से सदैव सत्य के मार्ग पर चलने तथा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित सुंदर झांकी प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भक्ति गीतों से विद्यालय परिसर कृष्णमय हो गया। कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य विननंज शर्मा ने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

