आजमगढ़ : बिस्तर पर चढ़े जहरीले सांप ने युवक को डसा

Youth India Times
By -
0


सीएचसी से निजी अस्पताल और जिला अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

आजमगढ़। जनपद के कंधरापुर थाना क्षेत्र के कोहड़ी बुजुर्ग गांव में मंगलवार और बुधवार की मध्य रात्रि सर्पदंश से 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जहरीले सांप के डसने के बाद परिजन उसे उपचार के लिए कई अस्पतालों में लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर बनी रही। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, कोहड़ी बुजुर्ग गांव निवासी कन्हैया कुमार (32) पुत्र इंद्रजीत मंगलवार रात अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान एक विषैला सांप बिस्तर पर चढ़ गया और उसने कन्हैया को डस लिया। कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। जानकारी होते ही परिजन उन्हें आनन-फानन में बिलरियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। सीएचसी पर चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने पर कन्हैया को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के बावजूद हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें दोबारा रेफर कर दिया। परिजन कन्हैया को जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। युवक की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के संबंध में बुधवार को मृतक के भाई राजन पुत्र इंद्रजीत ने कंधरापुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)