आजमगढ़ : निर्माणाधीन मकान की ऊपरी मंजिल से गिरकर युवक की हुई मौत

Youth India Times
By -
0




पिता ने ठेकेदार पर लगाया लापरवाही का आरोप; अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
आजमगढ़। जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र के गुलामी का पूरा में निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे 22 वर्षीय युवक की ऊपरी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ने निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार पर सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली क्षेत्र के दोपहरपुर निवासी रामअधार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 22 वर्षीय बेटा 2 सितंबर 2026 को रोज की तरह गुलामी का पूरा स्थित निर्माणाधीन भवन में राजगीरी का काम करने गया था। काम के दौरान वह अचानक ऊपरी मंजिल से नीचे गिर गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता का आरोप है कि निर्माण स्थल पर ऊंचाई पर काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम नहीं किए गए थे। इसी लापरवाही के चलते उनका बेटा हादसे का शिकार हुआ। पुलिस ने रामअधार की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एफआईआर 2 सितंबर की रात करीब 10:44 बजे दर्ज हुई। विवेचना उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव को सौंपी गई है। पुलिस निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)