महिला के पति की सूचना पर पुलिस के होटल पहुंचने की बात, विभाग ने शुरू की जांच
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बिजली विभाग के एक अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) का कथित पुराना वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक्सईएन एक महिला के साथ गोमतीनगर स्थित एक होटल में नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो में दिख रही महिला उसी कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थी। हालांकि, यूथ इंडिया टाइम्स वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि एक्सईएन और महिला कंप्यूटर ऑपरेटर गोमतीनगर के एक होटल के कमरे में मौजूद थे। महिला के पति को इसकी जानकारी होने के बाद वह होटल पहुंचा, जहां दोनों को साथ देखने के बाद उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ की। मामले की जानकारी सामने आने के बाद बिजली विभाग ने भी पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। विभाग की ओर से महिला को लखनऊ बुलाए जाने और होटल में दोनों की मौजूदगी से जुड़े परिस्थितिजन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, संबंधित अधिशासी अभियंता ने वायरल वीडियो को महीनों पुराना बताया है। उनका कहना है कि उस समय लखनऊ में एक प्रेजेंटेशन आयोजित होना था और उसकी तैयारियों में मदद के लिए कुछ कंप्यूटर ऑपरेटर उनके साथ आए थे। उन्होंने वीडियो के जरिए घटनाक्रम को तोड़-मरोड़कर पेश किए जाने का दावा किया है। फिलहाल विभागीय स्तर पर जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है। पुलिस स्तर पर भी मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ किए जाने की जानकारी है।




