आज़मगढ़ : जर्जर बांस के पोल और पेड़ों के सहारे बिजली आपूर्ति, 20 घरों की बिजली गुल

Youth India Times
By -
0


शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप, ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जताया आक्रोश

रिपोर्ट : विशाल कुमार
आजमगढ़। भदुली ग्राम पंचायत में विद्युत व्यवस्था की बदहाली को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। जर्जर बांस के पोल और पेड़ों के सहारे बिजली के तार खींचे जाने तथा कई दिनों से विद्युत आपूर्ति बाधित होने से नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों के अनुसार, करीब 27 जुलाई को बांस से बना बिजली का पोल गिर गया था। इसके बाद गांव के लगभग 20 घरों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली बहाल कराने के लिए ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड प्रथम, जफरपुर को प्रार्थना पत्र देकर समस्या के समाधान की मांग की थी। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक विद्युत विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कई दिनों से बिजली नहीं आने के कारण करीब 20 परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई स्थानों पर बांस के पोल और पेड़ों के सहारे बिजली के तार लगाए गए हैं। जर्जर व्यवस्था के कारण पोल गिरने अथवा तार टूटने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बारिश के मौसम में खतरा और बढ़ गया है, जिससे ग्रामीणों में भय बना हुआ है। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से तत्काल नया बिजली पोल लगवाने, जर्जर तारों को दुरुस्त कराने और प्रभावित घरों की बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। विरोध प्रदर्शन के दौरान नरेंद्र कुमार यादव, योगेंद्र प्रताप, राजबहादुर यादव, संगीत देवी, राजेश कुमार यादव, लाल बहादुर यादव, रमेश यादव, प्रेम शंकर यादव, सुशील कुमार यादव समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)