आजमगढ़ : विद्यालय में छात्र नहीं, बंद गेट के अंदर प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिका करते मिले गपशप

Youth India Times
By -
0



डीआईओएस का औचक निरीक्षण, संस्कृत विद्यालयों में छात्र नहीं, चूल्हे पर बनता मिला खाना
आजमगढ़। जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार के मंगलवार को किए गए औचक निरीक्षण में जिले के कई सहायता प्राप्त माध्यमिक एवं संस्कृत विद्यालयों की व्यवस्थाओं की हकीकत सामने आई। निरीक्षण के दौरान कहीं विद्यालय का गेट बंद मिला तो कहीं छात्रों की उपस्थिति नगण्य रही। एक विद्यालय में मान्यता और संचालित कक्षाओं को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं मिली, जबकि गांधी इंटर कॉलेज में मध्याह्न भोजन लकड़ी और मिट्टी के चूल्हे पर बनता पाया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने संबंधित प्रधानाचार्यों को व्यवस्थाओं में सुधार और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार 11 अगस्त को पांच विद्यालयों का अलग-अलग समय पर निरीक्षण किया गया। सुबह 11:35 बजे जनता संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नूरपुर सरायहाजी, मुबारकपुर पहुंचने पर मुख्य गेट बंद मिला। गेट खटखटाने पर प्रधानाचार्य परमानंद पांडेय और मानदेय शिक्षक सुभाष व सपना राय बाहर आए। विद्यालय की स्थिति जीर्ण-शीर्ण मिली। उपस्थिति पंजिका में छात्रों की संख्या नगण्य थी और निरीक्षण के समय एक भी छात्र मौजूद नहीं मिला। इस पर डीआईओएस ने कड़ी चेतावनी देते हुए छात्र संख्या बढ़ाने और नियमित पठन-पाठन कराने के निर्देश दिए। दोपहर 12 बजे गांधी इंटर कॉलेज मुबारकपुर के निरीक्षण में तीन शिक्षकों में दो उपस्थित मिले। एक लिपिक, एक परिचारक और दो आउटसोर्सिंग कर्मचारी भी मौजूद थे। यहां मध्याह्न भोजन लकड़ी और मिट्टी के चूल्हे पर बनता मिला। डीआईओएस ने इसे मानक के विपरीत मानते हुए गैस सिलेंडर पर भोजन तैयार कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय परिसर की सफाई, प्रयोगशाला की व्यवस्था और लिपिक कक्ष को पक्का कराने के निर्देश दिए। 12:30 बजे मुबारकपुर इंटर कॉलेज में उपस्थिति पंजिका की जांच के दौरान कई शिक्षक अवकाश पर मिले। अफजाल, शाहिद खान, रिजवान और शिवधनी के बाहर होने तथा अंसार अहमद के अर्जित अवकाश पर रहने की जानकारी मिली। अंसार अहमद के अवकाश की स्वीकृति को लेकर प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण मांगा गया। शिक्षकों को बिना सूचना बाहर जाने से बचने और पठन-पाठन प्रभावित न होने देने के निर्देश दिए गए। 12:49 बजे श्री संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शाहगढ़, मोहब्बतपुर महलिया के निरीक्षण में हरिलाल यादव स्वयं को प्रधानाचार्य बताते मिले। उन्होंने संस्कृत विद्यालय की अलग मान्यता होने की बात कही। वहां मौजूद छात्रों की गणवेश को देखकर डीआईओएस ने स्थिति पर स्पष्टीकरण मांगा और विद्यालय की मान्यता व संचालित पठन-पाठन के संबंध में जवाब लेने के निर्देश दिए। दोपहर एक बजे श्री विष्णु जी संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महलिया शाहगढ़ बंद मिला। विद्यालय प्रशासन ने छुट्टी होने की बात बताई। निरीक्षण के बाद डीआईओएस ने सभी संबंधित विद्यालयों को नियमित उपस्थिति, बेहतर व्यवस्थाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। औचक निरीक्षण से सहायता प्राप्त विद्यालयों में हड़कंप की स्थिति रही।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)