चाकू से किए वार; सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
मऊ। मऊ जनपद के सरायलखंसी थाना क्षेत्र स्थित मुंगेश्वर सुल्तानपुर कांशीराम आवास में रविवार देर रात एक 35 वर्षीय व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान असगर (35) के रूप में हुई है। प्रारंभिक सूचना में महिला ने पुलिस को मृतक को अपना पति बताते हुए हत्या की जानकारी दी, लेकिन जांच के दौरान सामने आया कि मृतक उसका प्रेमी था। इस खुलासे के बाद पुलिस को महिला की भूमिका संदिग्ध लगी और उसे एक अन्य व्यक्ति के साथ हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, गाजीपुर जिले के जंगीपुर थाना क्षेत्र के मछली बाजार निवासी असगर मऊ शहर के मुंशीपुरा मोहल्ले में परिवार के साथ रहकर ई-रिक्शा चलाते थे। उनका कांशीराम आवास में रहने वाली शहजादी से प्रेम प्रसंग था। शहजादी के पति के बाहर रहने के दौरान असगर अक्सर उसके घर रहता था और दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे। रविवार रात करीब तीन बजे शहजादी ने पुलिस को फोन कर सूचना दी कि एक अज्ञात व्यक्ति दरवाजा खुलवाकर घर में घुसा और उसके पति पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर फरार हो गया। सूचना पर सीओ सिटी नितेश प्रताप सिंह, थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक महिला का पति नहीं बल्कि प्रेमी था। इसके बाद पुलिस को महिला की कहानी संदिग्ध लगी। वहीं, घटना के समय घर में मौजूद बच्चों ने भी पुलिस को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। मृतक के भाई अफसर की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना के खुलासे का प्रयास कर रही है। एएसपी मऊ अनूप कुमार ने बताया कि महिला ने प्रेमी को पति बताकर सूचना दी थी, जो संदेह पैदा करता है। महिला सहित दो लोगों से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है।



