शिक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और महिला उत्पीड़न के मुद्दे पर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के बैनर तले सोमवार को पार्टी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक सांकेतिक पैदल मार्च निकालकर धरना-प्रदर्शन किया गया। मार्च में पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और कार्यकतार्ओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अयोध्या राम मंदिर चंदा मामले की निष्पक्ष जांच, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाई। पार्टी कार्यालय से शुरू हुआ पैदल मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा। इस दौरान समाजवादी पार्टी के चारों फ्रंटल संगठनों, छात्र सभा, यूथ फ्रंट, महिला सभा, अधिवक्ता सभा तथा अन्य प्रकोष्ठों के सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है, शिक्षा व्यवस्था बदहाल है और महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। धरना-प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने अयोध्या राम मंदिर चंदा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा आम जनता से जुड़े मुद्दों का शीघ्र समाधान करने की भी मांग उठाई गई। नेताओं ने कहा कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। प्रदर्शन के बाद समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपते हुए सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। इस अवसर पर छात्र सभा की प्रदेश कमेटी की उपाध्यक्ष एवं सचिव, यूथ फ्रंट की राष्ट्रीय कमेटी के पदाधिकारी, महिला सभा के पदाधिकारी, समाजवादी अधिवक्ता सभा के अध्यक्ष जयवीर यादव, महासचिव बृजलाल यादव, जिला सचिव अरविंद यादव, मोहम्मद मेहंदी, प्रदेश सचिव महेंद्र यादव सहित समाजवादी पार्टी के बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।

