आजमगढ़ : AEPS क्लोनिंग से साइबर ठगी करने वाले गैंग का सरगना गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0

बायोमेट्रिक सिस्टम का दुरुपयोग कर बैंक खातों से निकालते थे ठगी की रकम

आरोपी पर पहले से गोवध, गैंगस्टर समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज
आजमगढ़। जनपद के गम्भीरपुर थाना क्षेत्र में AEPS (आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम) क्लोनिंग के जरिए साइबर ठगी करने वाले गैंग के सरगना को गम्भीरपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक कूटरचित (फर्जी) आधार कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक 11 जुलाई 2026 को साइबर सेल और गम्भीरपुर पुलिस ने संदिग्ध बैंक खातों एवं एटीएम हॉटस्पॉट की जांच के दौरान यश विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि वह अपने साथी सद्दाम के साथ मिलकर आधार आधारित बैंकिंग (AEPS) प्रणाली और बायोमेट्रिक उपकरणों का दुरुपयोग कर साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि विभिन्न बैंक खातों से निकालकर कमीशन के आधार पर बांटता था। इसी मामले में वांछित चल रहे सद्दाम पुत्र तौफिक निवासी रंजीतपट्टी मुहम्मदपुर, थाना गम्भीरपुर को सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे मुखबिर की सूचना पर रानीपुर-रजमों मोड़ से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक फर्जी आधार कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। इस संबंध में थाना गम्भीरपुर पर मुकदमा संख्या 171/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66D में पहले से मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसमें गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं के कई मुकदमे शामिल हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)