10 श्रेणियों में अपराधियों की निगरानी, एक साथ घरों पर दस्तक
हिस्ट्रीशीटरों और टॉप-10 बदमाशों पर पुलिस रख रही विशेष नजर
आजमगढ़। जनपद में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आजमगढ़ पुलिस ने एक नई रणनीति लागू की है। क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) शुभम तोदी के नेतृत्व में सिधारी, शहर कोतवाली, रानी की सराय और कंधरापुर थाना पुलिस अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। इस अभियान के तहत अपराधों को 10 अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित कर प्रत्येक श्रेणी के अपराधियों के घरों पर अलग-अलग दिनों में एक ही समय संयुक्त रूप से दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार अभियान में शराब तस्करी से जुड़े 11, पशु तस्करी के 45, मादक पदार्थ तस्करी के 63, शस्त्र तस्करी के 11, नकबजनी के 120, चोरी के 79, डकैती के 19, लूट के 51 तथा हत्या और हत्या के प्रयास के 118 अपराधियों को चिन्हित किया गया है। इसके अलावा चारों थानों के 40 टॉप-10 अपराधियों और 301 हिस्ट्रीशीटरों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
लगातार हो रही दबिश का असर अपराधियों पर साफ दिखाई दे रहा है। कई अपराधियों ने आपराधिक गतिविधियों से दूरी बना ली है, जबकि कुछ जनपद छोड़कर अन्य स्थानों पर चले गए हैं। अभियान का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय कायम करना और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना है। सीओ सिटी शुभम तोदी इससे पहले सीओ सगड़ी रहते हुए प्रदेश के चर्चित माफिया कुंटू सिंह के नेटवर्क पर कार्रवाई, उसकी आपराधिक कुंडली के डिजिटलीकरण तथा अपराध से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई को लेकर चर्चा में रहे हैं। वहीं, आजमगढ़ के चर्चित भू-माफिया केसी राय के खिलाफ की गई कार्रवाई और उसके आर्थिक नेटवर्क पर प्रहार भी सुर्खियों में रहा। सीओ सिटी शुभम तोदी का कहना है कि पुलिस की कोशिश है कि अपराधी आम लोगों तक पहुंचें, उससे पहले पुलिस उनके दरवाजे तक पहुंच जाए। उन्होंने बताया कि अधिकांश सक्रिय अपराधी या तो जेल में हैं अथवा जनपद से बाहर हैं। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।



