नगर के मुख्य चौक और चकनूरी गांव में प्रभावित हुई विद्युत व्यवस्था, विभाग ने शुरू कराया बहाली कार्य
रिपोर्ट-आरपी सिंह
फूलपुर (आजमगढ़)। गुरुवार तड़के हुई तेज बारिश और आकाशीय बिजली ने नगर पंचायत फूलपुर समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था को प्रभावित कर दिया। आकाशीय बिजली गिरने से नगर के मुख्य चौक पर लगा 400 केवीए तथा चकनूरी गांव का 25 केवीए ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते सैकड़ों घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की बिजली आपूर्ति घंटों बाधित रही। बारिश के दौरान विभिन्न स्थानों पर फॉल्ट आने से बिजली आपूर्ति बार-बार प्रभावित होती रही। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के लाइनमैन सुरक्षा उपकरणों के साथ बारिश के बीच ही फॉल्ट दूर करने में जुट गए। मुख्य चौक का ट्रांसफार्मर खराब होने से सुबह से शाम तक नगर की बिजली आपूर्ति ठप रही, जबकि चकनूरी गांव में पूरे दिन बिजली न रहने से ग्रामीणों को मोबाइल चार्ज करने सहित दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ा। उपखंड अधिकारी सुजीत कुमार ने मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए सभी अभियंताओं को क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं भी विद्युत व्यवस्था का जायजा लेकर बहाली कार्य की निगरानी की। अवर अभियंता देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि नगर के मुख्य चौक पर क्षतिग्रस्त 400 केवीए ट्रांसफार्मर के स्थान पर मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाकर युद्धस्तर पर बिजली आपूर्ति बहाल करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शाम तक नगर की बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। वहीं चकनूरी गांव के 25 केवीए ट्रांसफार्मर के लिए कार्यशाला को सूचना भेज दी गई है और नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध होते ही आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बारिश के दौरान बिजली के तार, खंभे, स्टे-रॉड और टूटे हुए केबल से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी की सूचना तत्काल संबंधित विद्युत उपकेंद्र को दें और स्वयं मरम्मत का प्रयास न करें, ताकि किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके।

