आजमगढ़ : जब महिला ने सरफराज से कहा आप ही फिर बनेंगे अध्यक्ष

Youth India Times
By -
0


पक्की सड़क बनने की खुशी में मिठाई लेकर पहुंची महिला, बोलीं- आजादी के बाद पहली बार बनी पक्की सड़क

आजमगढ़। नगर पालिका परिषद आजमगढ़ क्षेत्र में सड़क निर्माण को लेकर सामने आया एक भावुक प्रसंग शहर की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की खूबसूरत मिसाल बन गया। सीताराम वार्ड में पक्की सड़क बनने की खुशी में एक महिला नगर पालिका परिषद कार्यालय पहुंचीं और नगर पालिका अध्यक्ष सरफराज आलम उर्फ मंसूर को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। इसके साथ ही महिला ने आशीर्वाद देते हुए कहा कि आप ही फिर अध्यक्ष बनेंगे। महिला से जब मिठाई लाने की वजह पूछी गई तो उन्होंने भावुक होकर कहा, “बाबू, आजादी के बाद से आज तक हमारे यहां कभी पक्की सड़क नहीं बनी थी। हम लोग घुटने भर पानी से होकर जाते थे। पहली बार चेयरमैन साहब के द्वारा पक्की सड़क बनाई गई है। उसी खुशी में मिठाई लेकर आई हूं।” महिला की बात सुनकर नगर पालिका अध्यक्ष सरफराज आलम उर्फ मंसूर भी भाव-विभोर हो गए। उन्होंने तत्काल सीताराम वार्ड पहुंचकर नवनिर्मित सड़क और आसपास की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क के साथ प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। नगर पालिका अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और कमियों को दूर करने के लिए जरूरी निर्देश दिए।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)