आज़मगढ़ : एसएसपी ने एक सब इंस्पेक्टर और सिपाही को किया निलंबित

Youth India Times
By -
0

 



दोनों पुलिसकर्मियों पर अभियुक्तों को अनुचित लाभ पहुंचाने और जांच प्रभावित करने का आरोप
आजमगढ़। पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, अनुशासनहीनता और विभागीय गोपनीयता भंग करने के आरोप में आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने थाना अहरौला में तैनात उपनिरीक्षक कृष्णकान्त यादव और आरक्षी ना0पु0 जितेन्द्र कुमार को प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों कर्मियों पर थाना क्षेत्र के अपराधियों और अभियुक्तों से अनधिकृत रूप से दूरभाष तथा व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क रखने और अभियोग एवं जांच से संबंधित गोपनीय सूचनाओं व दस्तावेजों का आदान-प्रदान करने का आरोप है। आरोप है कि अभियुक्तों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जांच एवं अभियोग की कार्रवाई को प्रभावित करने का प्रयास किया गया। इसके अलावा दोनों पुलिसकर्मियों पर विभागीय गोपनीयता भंग करने, अपने पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही एवं उदासीनता बरतने तथा उच्चाधिकारियों के आदेश-निर्देशों की अवहेलना करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। मामले में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने दोनों को निलंबित कर दिया। पुलिस विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि प्रकरण में विभागीय कार्यवाही की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)