आजमगढ़ : महंत ने मंदिर की संपत्ति पर कब्जे के प्रयास का लगाया आरोप

Youth India Times
By -
0



14 वर्षों से मंदिर की व्यवस्था संभालने का दावा, डीएम, एसपी से मांगी सुरक्षा
पूर्व महंत की हत्या का हवाला देकर जताई जान-माल की सुरक्षा को लेकर आशंका
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गडेरुवा गांव स्थित श्री राधेश्याम भगवान श्री कृष्ण प्रणामी संप्रदाय मंदिर की संपत्ति को लेकर विवाद सामने आया है। मंदिर के मुख्य महंत श्री श्री 1008 रामेश्वर दास जी महाराज ने कुछ लोगों पर मंदिर की संपत्ति पर कथित कब्जे का प्रयास करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। महंत ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ को प्रार्थना-पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तथा अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। महंत के अनुसार, वह करीब 14 वर्षों से मंदिर में पूजा-पाठ, रख-रखाव और अन्य व्यवस्थाओं का संचालन कर रहे हैं। उनका दावा है कि वर्ष 2014 में तत्कालीन महंत चेतन दास जी महाराज की हत्या के बाद जगतगुरु आचार्य श्री कृष्णमणि प्रणामी संप्रदाय, जामनगर, गुजरात की ओर से उन्हें मंदिर का मुख्य महंत एवं आचार्य नियुक्त किया गया था। महंत ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से कुछ स्थानीय लोगों की नजर मंदिर की संपत्ति पर है। उनके मुताबिक, कथित तौर पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर करीब पांच लोगों ने एक समिति का गठन और उसका पंजीकरण करा लिया। आरोप है कि इस प्रक्रिया में मंदिर अथवा संबंधित धार्मिक संस्था के अधिकृत लोगों की अनुमति नहीं ली गई। महंत का आरोप है कि कथित समिति के गठन और मंदिर की संपत्ति से जुड़े मामलों का विरोध करने पर उन्हें परेशान किया गया। उन्होंने दावा किया कि कई बार 20 से 25 लोग मंदिर परिसर में पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए धमकी दी गई। महंत ने वर्ष 2014 में तत्कालीन महंत चेतन दास जी महाराज की हत्या का हवाला देते हुए अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका जताई है। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि मंदिर की संपत्ति और उससे जुड़े विवाद के कारण उनकी जान को खतरा हो सकता है। महंत ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मंदिर की संपत्ति, भूमि, संबंधित अभिलेखों तथा कथित समिति के गठन और पंजीकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने तत्काल पर्याप्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी गुहार लगाई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)