आजमगढ़ : ट्रक की चपेट में आकर तीन निराश्रित पशुओं की मौत

Youth India Times
By -
0







शुक्रवार रात हुआ हादसा, पुलिस ने मृत पशुओं को सड़क से हटवाकर दफन कराया

दिन में भी सड़क पर बैठे थे पशु, सूचना के बावजूद नहीं पहुंचाए गए आश्रय स्थल
रिपोर्ट : हर्ष चन्देल
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर तहसील क्षेत्र में सड़कों पर घूम रहे निराश्रित पशुओं की समस्या गंभीर होती जा रही है। शुक्रवार की रात सुदनीपुर में सड़क पर बैठे तीन निराश्रित पशुओं को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में तीनों पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने बैकहो लोडर की मदद से मृत पशुओं को सड़क से हटवाया और गड्ढा खुदवाकर उन्हें दफना दिया। बताया गया कि शुक्रवार रात करीब नौ बजे सुदनीपुर में जहीर अहमद के घर के सामने सड़क पर तीन निराश्रित पशु बैठे थे। इसी दौरान तेज गति से आया ट्रक उन्हें रौंदते हुए निकल गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और सड़क पर पड़े मृत पशुओं को हटवाने की व्यवस्था की। स्थानीय लोगों के मुताबिक फूलपुर नगर पंचायत के साथ ही उदपुर, फूलपुर देहात, सुदनीपुर और इटकोहिया समेत आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में निराश्रित पशु खुले में घूमते हैं। खेत-खलिहानों के अलावा मुख्य मार्गों पर भी इनका जमावड़ा रहता है। कई बार पशु सड़क के बीच में बैठ जाते हैं, जिससे वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि हादसे में मारे गए तीनों पशु शुक्रवार को दिन में भी ब्लाक मुख्यालय के सामने लखनऊ-बलिया मार्ग पर बैठे थे। इसकी सूचना खंड विकास अधिकारी फूलपुर को दी गई थी। आरोप है कि बीडीओ ने ग्राम पंचायत अधिकारी को निर्देश देकर पशुओं को पशु आश्रय स्थल भेजने की बात कही थी, लेकिन समय रहते उन्हें वहां नहीं पहुंचाया जा सका। रात में इन्हीं पशुओं के ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में जिम्मेदार विभागों के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़कों पर खुले में घूम रहे निराश्रित पशुओं को तत्काल गो-आश्रय स्थलों में पहुंचाया जाए और प्रमुख मार्गों पर उनके विचरण को रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे न हों।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)