आजमगढ़ : एसकेडी लोटस वैली स्कूल जहानागंज में बृहद नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का हुआ आयोजन

Youth India Times
By -
0








एक हजार से अधिक मरीजों एवं नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर नि:शुल्क चिकित्सा सेवाओं का उठाया लाभ
शिक्षा के साथ-साथ समाज के स्वास्थ्य और जनकल्याण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी संस्थान का प्रमुख उद्देश्य-विजय बहादुर सिंह
जहानागंज, आजमगढ़। एसकेडी लोटस वैली स्कूल, जहानागंज में भारत विकास परिषद, आजमगढ़ के तत्वावधान में रविवार को बृहद नि:शुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के एक हजार से अधिक मरीजों एवं नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर नि:शुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में विभिन्न रोगों से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस दौरान जरूरतमंद मरीजों की नि:शुल्क पैथोलॉजी जांच कराई गई तथा चिकित्सकों की सलाह के अनुसार नि:शुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया। सुबह से ही शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति रही। बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं अन्य मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। चिकित्सा शिविर का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख रमेश कन्नौजिया, चेयरमैन सरफराज अहमद, मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह, पूर्व प्रधान ओमप्रकाश सिंह तथा कार्यक्रम के संयोजक एवं एसकेडी ग्रुप आॅफ एजुकेशन के चेयरमैन विजय बहादुर सिंह की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर विजय बहादुर सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ समाज के स्वास्थ्य और जनकल्याण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी संस्थान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए भारत विकास परिषद के अध्यक्ष अरविन्द अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, रवि गर्ग, राजेश, संदीप, गिरीश, गिरिराज तथा संरक्षक अशोक अग्रवाल सहित परिषद के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. अमन गर्ग, डॉ. अंकुर अग्रवाल, डॉ. अंकित चंद अग्रवाल, डॉ. अमित चौधरी, डॉ. पूनम यादव, डॉ. शिवांगी अग्रवाल एवं डॉ. नेहा गुप्ता श्रीकांत सिंह सहित अन्य चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। विद्यालय परिवार के सदस्यों एवं सहयोगियों ने भी व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एक ही स्थान पर स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, पैथोलॉजी जांच तथा दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध होने से क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने भारत विकास परिषद, आजमगढ़ एवं एसकेडी लोटस वैली स्कूल की इस जनसेवा पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण और जरूरतमंद लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)