वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने लिया संज्ञान, सीओ को सौंपी गई जांच
मेरठ। पुलिस एक बार फिर सवालों के घेरे में है। लोहिया नगर थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी चौकी में तैनात एक दरोगा का कुछ युवकों के साथ जन्मदिन मनाने और केक काटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में दरोगा के साथ एक ऐसा युवक भी नजर आ रहा है, जिसके खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू करा दी है। जानकारी के अनुसार, जाकिर कॉलोनी चौकी पर दरोगा अंकित तैनात हैं। अगस्त में कुछ दिन पहले उनका जन्मदिन था। इसी दौरान चौकी परिसर में कुछ युवकों के साथ जन्मदिन मनाया गया और केक काटा गया। अब इस आयोजन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। वायरल वीडियो में दरोगा अंकित के साथ अब्दुल रहमान नाम का युवक भी दिखाई दे रहा है। बताया गया है कि अब्दुल रहमान के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं। वह खुद को एआईएमआईएम का महानगर सचिव भी बताता है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि आपराधिक मुकदमों वाले व्यक्ति के साथ पुलिस चौकी के अंदर इस तरह जन्मदिन मनाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने के बाद वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया। सीओ कोतवाली को पूरे प्रकरण की जांच सौंपी गई है। जांच के दौरान अब्दुल रहमान के खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि भी हुई है। पुलिस अब वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों और जन्मदिन आयोजन से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारी यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि चौकी परिसर में जन्मदिन का आयोजन किन परिस्थितियों में हुआ और उसमें शामिल लोगों का दरोगा से क्या संबंध था। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने कहा, “वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है। जांच में दरोगा के साथ मौजूद अब्दुल रहमान के खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि हुई है। अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा रही है।”







