सरकारी नौकरी पाने के लिए अपने स्थान पर बैठाया था फर्जी परीक्षार्थी
परीक्षा के दौरान आधार कार्ड मांगने पर बाउंड्री फांदकर भागा था सॉल्वर
आजमगढ़। जनपद के मेहनाजपुर थाना पुलिस ने नकल माफिया और सॉल्वर बैठाकर परीक्षा दिलाने के मामले में एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त ने सरकारी नौकरी प्राप्त करने के उद्देश्य से अपने स्थान पर एक सॉल्वर बैठाकर परीक्षा दिलाई थी। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मऊ जिले के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के भेडियाधर गांव निवासी हवलदार यादव (28) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक 30 अक्टूबर 2025 को गांधी इंटर कॉलेज कूबा, आजमगढ़ में डीएलएल तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा आयोजित हो रही थी। इस दौरान अनुक्रमांक 7090142259 पर हवलदार यादव के स्थान पर मोनू यादव नामक फर्जी परीक्षार्थी परीक्षा देते हुए पकड़ा गया था। चेकिंग के दौरान जब उससे आधार कार्ड मांगा गया तो वह विद्यालय की बाउंड्री फांदकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों और विद्यालय स्टाफ ने पीछा कर उसे पकड़ लिया था। मामले में थाना मेहनाजपुर में मु0अ0सं0-107/2025 के तहत बीएनएस की धारा 338, 336(3), 340(2), 61(2) तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम की धारा 3/6/10 में मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चल रही विवेचना के दौरान पुलिस ने 25 अगस्त 2026 को अभियुक्त हवलदार यादव को पूछताछ के बाद करीब 11:10 बजे हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार पाल और रिजर्व कांस्टेबल पंकज यादव, थाना मेहनाजपुर शामिल रहे।







