आजमगढ़ : आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को छ: माह से नहीं मिला वेतन

Youth India Times
By -
0


चतुर्थ श्रेणी कर्मियों ने सीएमओ से लगाई गुहार

कहा- परिवार चलाना हुआ मुश्किल, जल्द भुगतान की मांग
आजमगढ़। स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्सिंग के जरिए तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को पिछले कई महीनों से वेतन नहीं मिलने का मामला सामने आया है। कर्मचारियों के अनुसार जनवरी 2026 से उनका वेतन लंबित है। करीब छह माह से भुगतान नहीं होने के कारण कर्मचारियों के सामने आर्थिक परेशानियां बढ़ गई हैं। वेतन भुगतान की मांग को लेकर कर्मचारियों ने मुख्य चिकित्साधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा है। इसमें उन्होंने बताया कि वे स्वास्थ्य विभाग में नियमित रूप से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद जनवरी से अब तक उन्हें मेहनताना नहीं मिल सका है। कर्मचारियों का कहना है कि वे अल्पवेतनभोगी हैं और उनकी आजीविका मुख्य रूप से इसी वेतन पर निर्भर है। लंबे समय से भुगतान रुके होने के कारण घरेलू खर्च, बच्चों की जरूरतों और अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रार्थना पत्र में अमन मोदी, संतोष यादव समेत अन्य कर्मचारियों के नाम शामिल हैं। कर्मचारियों ने सीएमओ से मामले को गंभीरता से लेते हुए बकाया वेतन के भुगतान की प्रक्रिया जल्द शुरू कराने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि वे लगातार विभागीय कार्यों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, ऐसे में लंबे समय तक वेतन लंबित रहना उनके लिए बेहद कठिन स्थिति पैदा कर रहा है। अब उन्हें उम्मीद है कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से जल्द कार्रवाई कर बकाया भुगतान कराया जाएगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)