‘मेड इन इंडिया’ फैशन शो और नन्हे-मुन्नों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने मोहा मन, तिरंगे को सलामी देकर दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश
आजमगढ़। सिधारी स्थित महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ धूमधाम और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक डी.पी. मौर्य ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद एकेडमिक डायरेक्टर रामनयन मौर्य, प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा एवं कोऑर्डिनेटर आनंद मौर्य ने तिरंगे को सलामी दी। उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान गाया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने ध्वज गीत और देशभक्ति के नारों से विद्यालय परिसर को राष्ट्रभक्ति के माहौल से गुंजायमान कर दिया। प्रबंधन समिति के सदस्यों ने देशभक्तों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सांस्कृतिक कार्यक्रम में नर्सरी से यूकेजी तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर शानदार समूह नृत्य प्रस्तुत किए। इंडिया डाइवर्सिटी की थीम पर आधारित ‘मेड इन इंडिया’ फैशन शो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर शिक्षकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया। एकेडमिक डायरेक्टर रामनयन मौर्य ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रधानाचार्य शत्रुघ्न विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। वहीं विद्यालय प्रबंधक डी.पी. मौर्य ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ जिम्मेदार, अनुशासित और देशभक्त नागरिक बनाना भी है। अंत में मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में कोऑर्डिनेटर आनंद मौर्य, दिनेश यादव, रामचरण मौर्य, दीपिका सिंह, मीनाक्षी अस्थाना, किशन यादव, धीरेंद्र मोहन, शरद गुप्ता, प्रेमा यादव, आदित्य मिश्रा, अजय यादव, राहुल तिवारी, आरोही मोदनवाल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।








