वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
आजमगढ़। जनपद के थाना निजामाबाद क्षेत्र के अरया सोहिला गांव में आवास के संबंध में बातचीत के दौरान हुए विवाद में युवक से मारपीट कर उसे नदी में धकेलने के मामले में पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित विनोद यादव पुत्र गनपत यादव की तहरीर पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई की है। पीड़ित के अनुसार, 7 अगस्त की शाम करीब पांच बजे वह गांव के वर्तमान प्रधान महेंद्र यादव से आवास के संबंध में बातचीत कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि प्रधान ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। करीब पांच मिनट बाद प्रधान का पुत्र विकास यादव भी मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि इसके बाद महेंद्र यादव और विकास यादव ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। तहरीर में विनोद यादव ने आरोप लगाया कि प्रधान ने लाठी से उसके गले पर दबाव बनाया और मारपीट की, जबकि विकास यादव ने भी उसके साथ मारपीट की। इसके बाद दोनों ने उसे नदी की सीढ़ियों की ओर धक्का दे दिया, जिससे वह सीढ़ियों पर गिरकर घायल हो गया। आरोप है कि बाद में दोनों ने उसे नदी में धकेल दिया। पीड़ित ने बताया कि उसे तैरना नहीं आता और नदी में पानी का बहाव तेज था। किसी तरह वह नदी से निकलकर किनारे पहुंचा। उसका कहना है कि घटना के दौरान मौके पर मौजूद एक व्यक्ति वीडियो बना रहा था। नदी में धकेले जाने के बाद उक्त व्यक्ति ने वीडियो बनाना बंद कर उसे बचाने के लिए अन्य लोगों को फोन कर मौके पर बुलाया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि घटना का वीडियो उसके पास सुरक्षित है, जिसमें घटना के महत्वपूर्ण हिस्से दिखाई दे रहे हैं। उसने वीडियो पुलिस के समक्ष साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत करने और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कराने की बात कही है। साथ ही आरोप लगाया कि उसे बचाने के लिए मौके पर बुलाए गए लोगों के खिलाफ भी दूसरे पक्ष की ओर से मुकदमा कराने की कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित ने आरोपितों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने ग्राम प्रधान महेंद्र यादव और उनके पुत्र विकास यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




