आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो गैंगस्टरों की 1.60 करोड़ की संपत्ति होगी कुर्क

Youth India Times
By -
0


संतरा देवी की 1.20 करोड़ की संपत्ति पर कार्रवाई

आजमगढ़। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई की है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर दो गैंगस्टर अभियुक्तों द्वारा अपराध के जरिए अर्जित की गई करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये कीमत की 8 बिस्वा भूमि कुर्क की जाएगी। जीयनपुर थाना क्षेत्र के गडेरीपट्टी निवासी संतरा देवी पत्नी सुरेश राम के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और चोरी से संबंधित कुल 9 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार उसके गैंग का लीडर उसका पुत्र राज उर्फ सवारिया तथा दूसरा पुत्र समर उर्फ अरुण सक्रिय सदस्य हैं। संतरा देवी द्वारा अपराध से अर्जित करीब 5 बिस्वा भूमि, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1.20 करोड़ रुपये है, को धारा 14(1) गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क किया जाएगा। निजामाबाद थाना क्षेत्र के रेवरा परवेजपुर निवासी राज कुमार गौड़ पुत्र छांगुर गौड़ के खिलाफ हत्या के प्रयास, अवैध शस्त्र, दुष्कर्म, आईटी एक्ट और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित कुल 4 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक अपराध से अर्जित करीब 3 बिस्वा भूमि, जिसकी कीमत लगभग 40 लाख रुपये है, को गम्भीरपुर थाना पुलिस द्वारा कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों की करीब 8 बिस्वा भूमि, जिसकी कुल अनुमानित बाजार कीमत 1 करोड़ 60 लाख रुपये है, गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्क की जा रही है। पुलिस ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह की प्रभावी और कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)