चार लाख रुपये आरटीजीएस, एक लाख खाते से और 17 लाख नकद देने का आरोप; महज 40 हजार लौटाए
आजमगढ़। जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के बिलारी मुहम्मद अजगरा गांव निवासी रमाशंकर ने जमीन एग्रीमेंट कराने के नाम पर 22 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। तहरीर के मुताबिक रमाशंकर जमीन की खरीद-फरोख्त का काम करते हैं। इसी दौरान उनकी मुलाकात अहरौला थाना क्षेत्र के अहरौला गांव निवासी शोभनाथ सेठ से हुई। आरोप है कि शोभनाथ ने अहरौला बाजार में जमीन का एग्रीमेंट कराने के नाम पर उनसे एडवांस के रूप में चार लाख रुपये 21 अप्रैल 2021 को आरटीजीएस के माध्यम से लिए। इसके कुछ दिन बाद एक लाख रुपये अपने मित्र राजेश कुमार के खाते से भी डलवाए गए। पीड़ित का आरोप है कि इसके अलावा उन्होंने 17 लाख रुपये नकद भी दिए। कुल 22 लाख रुपये लेने के बावजूद आरोपी ने जमीन का एग्रीमेंट नहीं कराया और आज-कल करने की बात कहकर उन्हें टालता रहा। दबाव बनाने पर आरोपी ने कुल रकम में से केवल 40 हजार रुपये वापस किए। तहरीर में रमाशंकर ने आरोप लगाया कि बाद में उन्हें जानकारी हुई कि शोभनाथ सेठ ने इसी तरह कई अन्य लोगों से भी छल करके रुपये हड़पे हैं। पीड़ित ने पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।




