आजमगढ़ : 50 हजार का इनामी गैंग लीडर प्रमोद लखनऊ से गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0







आजमगढ़ के अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का था सरगना, गैंगस्टर एक्ट में चल रहा था वांछित

आजमगढ़। अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोरी गिरोह के ₹50 हजार के इनामी गैंग लीडर प्रमोद कुमार को आजमगढ़ कोतवाली पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने लखनऊ के परिवर्तन चौक से गिरफ्तार कर लिया। गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे प्रमोद की गिरफ्तारी 28 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से गिरोह के साथ मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में संलिप्त था। पुलिस के मुताबिक, प्रमोद कुमार पुत्र जयकरन उर्फ सहदेव निवासी पुसड़ा आईमा, थाना मुबारकपुर, आजमगढ़ एक संगठित मोटरसाइकिल चोर गिरोह का गैंग लीडर है। गिरोह आजमगढ़ समेत आसपास के क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस के अनुसार 10 दिसंबर 2024 को बवाली मोड़ के पास सूचना मिलने पर वाहन चोर गिरोह के छह सदस्यों को तीन मोटरसाइकिलों के साथ पकड़ा गया था। आरोपियों की निशानदेही पर सठियांव बाजार स्थित गैरेज से चार चोरी की मोटरसाइकिलें और उनके विभिन्न पार्ट्स बरामद किए गए थे। इसके अलावा कबाड़ी की दुकान से दो चेचिस, दो इंजन, टंकी, शॉकर, चैन-स्पाकिट और पैर स्टैंड समेत अन्य सामान भी बरामद हुआ था। पूछताछ में सामने आया कि चोरी की मोटरसाइकिलों को गैरेज में ले जाकर उनके पार्ट्स अलग किए जाते थे। कुछ पार्ट्स कबाड़ी को बेच दिए जाते थे, जबकि अच्छे पार्ट्स को दूसरी मोटरसाइकिलों में लगाकर खपाने का आरोप है। पुलिस जांच में बरामद वाहनों का संबंध आजमगढ़ के कोतवाली और मुबारकपुर थानों के अलावा दिल्ली के मुखर्जी नगर नॉर्थ वेस्ट थाने में दर्ज मुकदमों से भी पाया गया।पुलिस के मुताबिक गिरोह की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए गैंगचार्ट तैयार किया गया था। जिलाधिकारी आजमगढ़ द्वारा 28 फरवरी 2026 को अनुमोदन के बाद कोतवाली थाने में गैंगस्टर एक्ट की धारा 2(B)(1)/3(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसी मामले में वांछित प्रमोद कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ की ओर से ₹50 हजार का पुरस्कार घोषित किया गया था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ चोरी, चोरी का माल रखने, आपराधिक षड्यंत्र, कूटरचना, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय, उपनिरीक्षक सौरभ त्रिपाठी, उपनिरीक्षक अभिषेक मिश्रा और हेड कांस्टेबल अभय कुमार सिंह शामिल रहे। एसटीएफ मुख्यालय की टीम में उपनिरीक्षक देवेन्द्र पाल सिंह, मुख्य आरक्षी नीरज पाण्डेय और मुख्य आरक्षी नितिन सिंह शामिल रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)