गोगी गैंग से जुड़े होने का दावा; दो अन्य शूटरों की तलाश जारी
शामली। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे दो शार्प शूटर सोमवार सुबह पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए। औद्योगिक क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने 50-50 हजार रुपये के इनामी बदमाश सुमित और मोहित को ढेर कर दिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों सोनीपत के रहने वाले थे और गोगी गैंग से जुड़े शूटर बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, अंकित बालियान की हत्या के बाद दोनों बदमाश बागपत के रास्ते लोनी की ओर फरार हुए थे। सोमवार सुबह दोनों औद्योगिक क्षेत्र से होते हुए सोनीपत जाने की कोशिश में थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने उन्हें घेर लिया। पुलिस का दावा है कि घिरने के बाद बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में दोनों बदमाशों को 20 से अधिक गोलियां लगने की जानकारी सामने आई है। घटनास्थल से पुलिस ने हथियार और अन्य सामान भी बरामद किया है। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए सुमित और मोहित अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि गायक की हत्या में कुल चार शूटर शामिल थे। इनमें से दो को मुठभेड़ में मार गिराया गया है, जबकि सत्यम और आर्यन अभी फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। अंकित बालियान की हत्या के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। जांच के दौरान शूटरों के बागपत और लोनी की ओर भागने की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी थी। इसी अभियान के दौरान सोमवार सुबह औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों का आमना-सामना हो गया।






