असली गोविंद की जगह दूसरे व्यक्ति को खड़ा कर लगाई गई फोटो, आधार-पैन और ओटीपी से कराया गया सत्यापन
आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र में जमीन का फर्जी बैनामा कराने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि 3.50 लाख रुपये की रकम लेकर जमीन के वास्तविक मालिक गोविंद पुत्र झूरी की जगह एक फर्जी व्यक्ति को खड़ा कराकर बैनामा कराया गया। मामले की विवेचना के दौरान सामने आए दो आरोपियों को पुलिस ने बूढ़नपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को हूँसेपुर सनूप निवासी महिला ने कप्तानगंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके जेठ संजय सिंह से ग्राम मादेपुर निवासी गोविंद पुत्र झूरी की पत्नी और प्रेमा पत्नी रोहित ने अपनी भूमि बेचने की बात कही थी। बताया गया था कि बच्चे के इलाज और अन्य आवश्यकताओं के लिए उन्हें तत्काल पैसों की जरूरत है। आरोपियों की बात पर जमीन के बदले तय 3.50 लाख रुपये गोविंद पुत्र झूरी के बैंक खाते में जमा कराए गए, जबकि कुछ रकम नकद भी दी गई। इसके बाद बैनामा कराने के लिए आरोपियों ने तीन दिन का समय मांगा। पुलिस के मुताबिक, बैनामा कराने के दौरान वास्तविक गोविंद के स्थान पर एक दूसरे व्यक्ति को खड़ा कर दिया गया। उसकी फोटो लगवाकर बैनामा की प्रक्रिया पूरी कराई गई। इस दौरान आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल नंबर और ओटीपी समेत आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई। बाद में वादिनी को जानकारी हुई कि वास्तविक गोविंद की जगह फर्जी व्यक्ति को खड़ा कराकर आपराधिक षड्यंत्र के तहत जमीन का बैनामा कराया गया है। शिकायत के आधार पर कप्तानगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान सत्यम विश्वकर्मा पुत्र विश्वकर्मा, निवासी खोजापुर, थाना सिधारी का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने 11 अगस्त को उपनिरीक्षक रमेश चन्द्र सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए प्रेमा पत्नी रोहित निवासी मादेपुर और सत्यम विश्वकर्मा को बूढ़नपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




