बारिश के दौरान छत पर कपड़े उतारने गई थी सलोनी, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
आजमगढ़। विकासखंड लालगंज के व्यवहरा गांव में रविवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 13 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के व्यवहरा गांव में सलोनी अपने ननिहाल में रह रही थी। बताया गया कि बारिश के दौरान वह छत पर सूख रहे कपड़े उतारने गई थी। इसी दौरान तेज बारिश के साथ बिजली की तेज गड़गड़ाहट हुई और आकाशीय बिजली की चपेट में आने से सलोनी गंभीर रूप से झुलसकर छत पर गिर गई। घटना के समय कुछ दूरी पर कपड़े उठा रही आरती बाल-बाल बच गई। सलोनी को गिरता देखकर आरती ने शोर मचाना शुरू किया। आवाज सुनकर परिजन दौड़कर छत पर पहुंचे और आनन-फानन में सलोनी को लेकर सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सलोनी के माता-पिता सरिता और अजय कुमार दिल्ली में रहते हैं। वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटी थी। बड़ा भाई करन कुमार अहमदाबाद और किशन कुमार मुंबई में निजी नौकरी करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही देवगांव कोतवाली क्षेत्र के धरांग गांव निवासी बाबा कांता सरोज समेत अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। सलोनी की मौत की खबर सुनते ही परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। हादसे से पूरे परिवार और गांव में मातम का माहौल है।





