जिला अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम, बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल
रिपोर्ट : विशाल कुमार
आजमगढ़। महराजगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लालपुर में बुधवार को सांप के डसने से छह वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अभय कुमार पुत्र रविन्द्र के रूप में हुई है। अभय अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त की शाम करीब चार बजे अभय को सांप ने डस लिया। इसकी जानकारी होते ही परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल आजमगढ़ लेकर पहुंचे। हालांकि, चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद बालक की जान नहीं बचाई जा सकी। मृतक की मां का नाम सुनीता बताया गया है। इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस घर में बच्चे की किलकारियां गूंजती थीं, वहां मातम पसरा हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।





