परिजनों से मिलकर जताया शोक, युवाओं के मुद्दों और शिक्षा व्यवस्था पर सरकार को घेरा
धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे पर कहा 'जेन जी' की बड़ी जीत, डरी हुई सरकार आखिरकार झुक गई
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार को आजमगढ़ पहुंचे। उन्होंने शहर के कुर्मी टोला स्थित दिवंगत सपा विधायक आलम बदी आजमी के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने नेताओं और कार्यकतार्ओं के परिवारों के साथ हर सुख-दुख में खड़ी रहती है और आगे भी पूरा सहयोग करती रहेगी। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने हाल के राजनीतिक घटनाक्रम और धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे पर कहा कि यह 'जेन जी' की बड़ी जीत है और डरी हुई सरकार आखिरकार झुक गई है। अब उसके जाने का वक्त आ गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं के संघर्ष और एकजुटता के कारण सरकार को अपना रुख बदलना पड़ा। उनके अनुसार यदि सरकार को निर्णय बदलना ही था तो पहले ही छात्रों से संवाद स्थापित करना चाहिए था, जिससे अनावश्यक तनाव और आंदोलन की स्थिति पैदा नहीं होती। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। केवल एक निर्णय लेने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि भर्ती और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, जवाबदेह और भरोसेमंद बनाना होगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई का उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले युवाओं के साथ है। उन्होंने छात्रों पर बल प्रयोग को अनुचित बताते हुए कहा कि संवाद और संवेदनशीलता से ऐसे मामलों का समाधान होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि युवाओं के अधिकारों, रोजगार और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग उठाना राजनीति है, तो समाजवादी पार्टी ऐसी राजनीति करती रहेगी और युवाओं के हितों की आवाज उठाती रहेगी।


