आजमगढ़ : पिकअप की टक्कर से 12वीं के छात्र की मौत, चचेरी बहन समेत दो गंभीर

Youth India Times
By -
0

 



सर्विस लेन पर हुआ हादसा, घायलों का इलाज जारी
आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के उकरौड़ा स्थित सर्विस लेन पर शुक्रवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 19 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि उसकी चचेरी बहन और छोटे भाई समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, निजामाबाद थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव निवासी 19 वर्षीय अभिषेक यादव क्षेत्र के एक विद्यालय में कक्षा 12 के छात्र थे। शुक्रवार को वह अपनी 18 वर्षीय चचेरी बहन सुनैना और 13 वर्षीय छोटे भाई शशांक के साथ अंजान शाहिद निवासी अपने मौसा राजेश यादव के घर गए थे। देर शाम तीनों एक ही बाइक से वापस घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि मुबारकपुर थाना क्षेत्र के उकरौड़ा सर्विस लेन पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अभिषेक यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सुनैना और शशांक को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजनों ने दोनों को लछीरामपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सुनैना की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। अभिषेक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)