आजमगढ़ : फूलपुर तहसील में सम्मान एवं विदाई समारोह, पदोन्नत अधिकारियों का हुआ अभिनंदन

Youth India Times
By -
0



एसडीएम अशोक कुमार के एडीएम बनने पर सम्मान, तहसीलदार राजू कुमार व राजस्व निरीक्षक नंदलाल को भावभीनी विदाई

रिपोर्ट : आरपी सिंह
फूलपुर (आजमगढ़)। फूलपुर तहसील परिसर में बुधवार को खुशी और भावुकता के मिले-जुले माहौल में सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में फूलपुर के उपजिलाधिकारी अशोक कुमार के अपर जिलाधिकारी (एडीएम) पद पर पदोन्नत होने पर उनका सम्मान किया गया। वहीं तहसील में तैनात लेखपाल यशपाल चौहान के उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की जिला इकाई, आजमगढ़ का जिला उपाध्यक्ष बनने पर भी उन्हें सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सेवानिवृत्त हुए राजस्व निरीक्षक नंदलाल तथा स्थानांतरित तहसीलदार राजू कुमार को भावभीनी विदाई दी गई। समारोह के मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी अशोक कुमार रहे, जबकि संचालन राजस्व निरीक्षक कृष्ण कुमार यादव ने किया। कार्यक्रम के दौरान राजस्व निरीक्षकों एवं लेखपालों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए राजस्व निरीक्षक नंदलाल के लंबे सेवाकाल, उनकी कार्यनिष्ठा, सहयोगी स्वभाव और प्रशासनिक योगदान की सराहना की। वक्ताओं ने उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना भी की। तहसीलदार राजू कुमार के कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में निष्पक्ष, न्यायप्रिय और पारदर्शी प्रशासनिक कार्यशैली से आमजन और कर्मचारियों का विश्वास जीता। उनके स्थानांतरण पर सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी। उपजिलाधिकारी अशोक कुमार को अपर जिलाधिकारी पद पर पदोन्नति मिलने पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे फूलपुर तहसील के लिए गौरव का विषय बताया। साथ ही लेखपाल यशपाल चौहान के उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की जिला इकाई के जिला उपाध्यक्ष बनने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके सफल संगठनात्मक कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राजस्व निरीक्षक योगेंद्र लाल यादव, प्रेमनाथ, देवेंद्र राम, विजय प्रताप तिवारी, पूर्व अध्यक्ष करुणेश सिंह, पूर्व महामंत्री सोनू गिरी, वर्तमान अध्यक्ष विशाल सिंह चंदेल, महामंत्री विन्द्रेश यादव, संजय कुमार, महेंद्र गुप्ता, परितोष पांडे सहित बड़ी संख्या में राजस्व निरीक्षक, लेखपाल एवं तहसील कर्मी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)