मां पल्हना धाम जाते समय हुआ हादसा, भाई, भतीजी और एक वर्षीय बेटी घायल
आजमगढ़। जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां पल्हना धाम दर्शन के लिए जा रही एक महिला की डंपर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में महिला का भाई, भतीजी और उसकी एक वर्षीय बेटी भी घायल हो गए। दुर्घटना के बाद भाग रहे डंपर चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मृतका की पहचान तहबरपुर थाना क्षेत्र के ददरा गांव निवासी निशा प्रजापति (28) के रूप में हुई है। वह अपने भाई सकलदीप प्रजापति (30), भतीजी प्रिया प्रजापति (15) तथा एक वर्षीय बेटी सान्वी के साथ मोटरसाइकिल से मां पल्हना धाम दर्शन के लिए जा रही थीं। बताया जाता है कि पवनी कला गांव के पास पल्हना बाजार से मेंहनगर की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही निशा सड़क पर गिर गईं और डंपर उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने भाग रहे डंपर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर मेंहनगर थाना प्रभारी निहार नंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर हृदयविदारक दृश्य देखने को मिला। मृतका का भाई सकलदीप और भतीजी प्रिया शव से लिपटकर बिलखते रहे। सकलदीप अपनी बहन की मौत का सदमा सहन नहीं कर पा रहा था और बार-बार बेहोश हो रहा था। परिजनों के अनुसार निशा तीन भाइयों और दो बहनों में से एक थीं। उनकी शादी करीब तीन वर्ष पहले मिर्जापुर निवासी सुनील प्रजापति से हुई थी। वह लगभग 20 दिन पहले ही ससुराल से अपने मायके आई थीं। गुरुवार को परिवार के साथ मां पल्हना धाम दर्शन के लिए निकली थीं, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। थाना प्रभारी निहार नंदन कुमार ने बताया कि डंपर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।





