आज़मगढ़ : करंट लगने से असिस्टेंट मैनेजर की हुई मौत

Youth India Times
By -
0

 





आरओ प्लांट के लिए लोहे की पाइप उठाते समय हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आए
आजमगढ़। जनपद के कंधरापुर थाना क्षेत्र के आखापुर गांव निवासी एवं लखनऊ स्थित जिंदल कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत 40 वर्षीय प्रशांत राय की बिजली के करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार सुबह करीब 11 बजे हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशांत राय पुत्र सतीश राय लखनऊ में कार्यरत थे। बुधवार को वह आरओ प्लांट के लिए लोहे की पाइप लेकर काम कर रहे थे। इसी दौरान पाइप अचानक हाई वोल्टेज विद्युत लाइन से टच हो गई, जिससे वह तेज करंट की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पीलीभीत में रहने वाले उनके ससुराल पक्ष के लोग तत्काल लखनऊ पहुंच गए। वहीं आजमगढ़ से उनके माता-पिता और अन्य परिजन भी लखनऊ रवाना हो गए। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव आखापुर लाया गया। अंतिम दर्शन के लिए जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। इसके बाद राजघाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां उनके पुत्र ने मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई दी। प्रशांत राय अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका एक छोटा भाई भी है। जवान बेटे की असामयिक मौत से वृद्ध माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल था। अंतिम यात्रा में शामिल लोगों की आंखें भी नम थीं। मृतक के पिता सतीश राय लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हुए हैं और वर्तमान में बिलरियागंज खंड के खंड संघ चालक का दायित्व निभा रहे हैं। परिवार पर आए इस दुखद संकट की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भारतीय जनता पार्टी तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम यात्रा में शामिल हुए तथा शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। अंतिम संस्कार के दौरान पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष पी.पी. राय, भाजपा मंडल अध्यक्ष बिलरियागंज रुद्रप्रकाश राय, बिजेंद्र राय, हरिवंश मिश्रा, प्रवीण यादव, अम्बरीश राय, बबलू राय सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रशांत राय के असामयिक निधन से पूरे आखापुर गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने उन्हें सरल, मिलनसार, व्यवहारकुशल और सभी के सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले व्यक्ति के रूप में याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र ने एक सामाजिक और स्नेही व्यक्तित्व को खो दिया

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)