आज़मगढ़ : फिर एक अस्पताल में लापरवाही, प्रसूता व नवजात की हुई मौत

Youth India Times
By -
0



डॉक्टर हिरासत में, अस्पताल के पंजीकरण और डॉक्टर की डिग्री की भी होगी जांच

रिपोर्ट : सर्वेश पांडेय
आजमगढ़। जिले के बिलरियागंज कस्बे के महाराजगंज रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद प्रसूता और उसकी नवजात बच्ची की मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने प्रसूता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अस्पताल संचालक डॉक्टर को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रौनापार थाना क्षेत्र के शाहडीह गांव निवासी 28 वर्षीय कौशल्या देवी पत्नी मनीष साहनी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन बिलरियागंज स्थित राजेश हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां डॉ. विनोद मौर्य ने ऑपरेशन किया, जिसके बाद एक बच्ची का जन्म हुआ। परिजनों का आरोप है कि जन्म के कुछ ही देर बाद नवजात की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। इसके बाद प्रसूता कौशल्या देवी की भी तबीयत लगातार खराब होती चली गई। अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किए जाने पर आजमगढ़ पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बलरामपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि जिस अस्पताल में ऑपरेशन किया गया, उसका वैध पंजीकरण नहीं था। साथ ही ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर की चिकित्सकीय योग्यता पर भी सवाल उठाए हैं। यदि जांच में ये आरोप सही पाए जाते हैं तो मामला गंभीर चिकित्सीय लापरवाही और नियमों के उल्लंघन का हो सकता है। थानाध्यक्ष बिलरियागंज अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की सूचना मिली है। परिजनों से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)