आजमगढ़ में ₹25 हजार का इनामी अंतर्राज्यीय ठग गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0

 





ग्रहदोष का डर दिखाकर महिलाओं से करता था ठगी
दो महिलाओं से आभूषण ठगी की वारदातों का खुलासा
आजमगढ़। कोतवाली पुलिस ने महिलाओं को ग्रहदोष और पूजा-पाठ का भय दिखाकर सोने-चांदी के आभूषण ठगने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के ₹25 हजार के इनामी सदस्य को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की गिरफ्तारी से फरवरी 2026 में हुई दो ठगी की घटनाओं का भी खुलासा हुआ है। उसके कब्जे से ₹400 नकद, आभूषण साफ करने वाला केमिकल और विभिन्न रंगों के 10 नग (पत्थर) बरामद किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रोडवेज प्राइवेट बस अड्डे से उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर निवासी 45 वर्षीय हुसैनू पुत्र नजरूद्दीन को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों सैफ अली खां, इमरान और लईक उर्फ लकी के साथ मिलकर अंतर्राज्यीय ठगी गिरोह संचालित करता था। गिरोह के सदस्य विभिन्न राज्यों में घूमकर विशेष रूप से अधेड़ और वृद्ध महिलाओं को ग्रहदोष, धर्म-कर्म और पूजा-पाठ का झांसा देकर विश्वास में लेते थे और उनके आभूषण व नकदी लेकर फरार हो जाते थे। आरोपी ने बताया कि 6 और 7 फरवरी 2026 को गिरोह ने आजमगढ़ के बेलइसा सब्जी मंडी क्षेत्र और लाइफ लाइन अस्पताल के पास दो महिलाओं को अपना शिकार बनाया था। ठगी के बाद आभूषण बेचकर मिली रकम आपस में बांट ली गई थी। उसके हिस्से में करीब ₹35 हजार आए थे, जिनमें से अधिकांश खर्च हो चुके हैं। इस मामले में कोतवाली थाने में पहले से दर्ज मुकदमे में गिरोह के एक सदस्य लईक उर्फ लकी को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब दूसरे इनामी आरोपी की गिरफ्तारी के बाद दोनों घटनाओं का सफल अनावरण हो गया है। पुलिस आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)