तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद, शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज
आजमगढ़। कोतवाली पुलिस ने अवैध असलहा रखने के आरोप में महाराष्ट्र के एक हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक .315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत चौकी प्रभारी बलरामपुर उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार प्रजापति अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति हाफिजपुर चौराहे से बद्दोपुर मार्ग पर अवैध असलहा लेकर खड़ा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर रात करीब 11:20 बजे आरोपी अबू तालिब शेख (35), निवासी बृहन्मुंबई, महाराष्ट्र को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक .315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस संबंध में थाना कोतवाली में शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध महाराष्ट्र के सर जे.जे. मार्ग थाना क्षेत्र में पहले से दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।





