आज़मगढ़ : दादा-पोते की हत्या से उबाल, अंतिम संस्कार से इनकार

Youth India Times
By -
0

 




गिरफ्तारी व सरकारी नौकरी की मांग पर अड़े परिजन
नामजद चार आरोपितों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी; प्रशासन परिजनों को मनाने में जुटा
आजमगढ़। जनपद के पवई थाना क्षेत्र के हेवती गांव में दादा और पोते की नृशंस हत्या के बाद परिजनों का आक्रोश शनिवार को भी शांत नहीं हुआ। शुक्रवार शाम पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। उन्होंने हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा परिवार के दो सदस्यों को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग रखी। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पवई, दीदारगंज और फूलपुर कोतवाली की पुलिस तैनात कर दी गई। शनिवार दोपहर तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी परिजनों को समझाने-बुझाने में जुटे रहे। इस बीच पुलिस ने मृतक श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित के भाई शिवराज यादव की तहरीर पर चचेरे भाई संतोष यादव समेत राजमन यादव, निखिल यादव और अनिल यादव के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। तहरीर के अनुसार, शिवराज यादव ने बताया कि उनके बड़े पिता सूर्यलाल यादव बीमारी के दौरान अपने पुत्र संतोष यादव से अलग होकर उनके परिवार के साथ रहने लगे थे। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद संतोष यादव ने परिवार पर हत्या का आरोप लगाते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। मालीपुर थाने में की गई शिकायत की जांच में आरोप सिद्ध नहीं होने के बावजूद वह जमीन के विवाद और पुरानी रंजिश को लेकर परिवार से नाराज था। आरोप है कि बृहस्पतिवार की रात करीब एक बजे संतोष यादव अपने साथ राजमन यादव, निखिल यादव और अनिल यादव को लेकर कुल्हाड़ी से लैस होकर घर पहुंचा। चारों ने बरामदे में सो रहे श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित पर हमला कर दिया। शोर सुनकर परिवार के लोग जागे तो आरोपित भागते दिखाई दिए। इसके बाद घर से कुछ दूरी पर मड़ई में सो रहे जगदम्बा प्रसाद यादव की भी कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल श्रीवांशु को नगपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मौके पर उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार, क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरण पाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक फूलपुर देवेंद्र प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष पवई मनीष पाल, थानाध्यक्ष दीदारगंज जयप्रकाश यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। विधायक डॉ. रमाकांत यादव की पत्नी डॉ. रंजना यादव और विधायक प्रतिनिधि विजय बहादुर यादव भी गांव पहुंचे। प्रशासन परिजनों से लगातार वार्ता कर अंतिम संस्कार कराने और स्थिति सामान्य बनाने के प्रयास में जुटा है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)