आजमगढ़: पोखरे में मिला अज्ञात युवक का शव

Youth India Times
By -
0




सिर पर चोट के निशान से हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

आजमगढ़। जनपद के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मसीरपुर गांव स्थित खाकी बाबा मंदिर के पास शनिवार सुबह एक पोखरे में अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोखरे से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृतक की शिनाख्त और मौत के कारणों की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 10 बजे कुछ लोग पोखरे में मछलियों को चारा डालने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में युवक के सिर पर पड़ी। सूचना मिलते ही लालगंज चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसने काले रंग की जींस और लाल रंग की बनियान पहन रखी थी। दोनों कानों पर सफेद दाग होने की बात सामने आई है। मृतक की जेब से तंबाकू की एक पुड़िया भी बरामद हुई है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को पोखरे में फेंका गया हो सकता है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने और घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)