बीमा कराने के नाम पर लाखों रुपये लेने, पैसा हड़पने और धमकी देने का आरोप
आजमगढ़। बीमा कराने के नाम पर लाखों रुपये लेकर कथित रूप से हड़पने और वापस मांगने पर धमकी देने के आरोप में पुलिस ने आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस कंपनी के एक अधिकारी समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर में लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार स्थित ग्रीनउड अपार्टमेंट निवासी विवेकानंद राय ने आरोप लगाया है कि बरदह थाना क्षेत्र के सरायमोहन निवासी मुकेश कुमार राय, जो आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस कंपनी में अधिकारी हैं, ने वर्ष 2020 में कई चारपहिया और दोपहिया वाहनों का बीमा कराने के नाम पर एसबीआई के चेक के माध्यम से 3.50 लाख रुपये लिए। आरोप है कि इसके बाद भी किसी वाहन का बीमा नहीं कराया गया और लगातार कोविड महामारी का हवाला देकर टालमटोल की जाती रही। पीड़ित का आरोप है कि बाद में मुकेश कुमार राय अपनी पत्नी रुबी राय उर्फ प्रियंका राय के साथ उनके पास पहुंचे और पारिवारिक मजबूरी तथा पिता के इलाज का हवाला देकर 90 हजार और 80 हजार रुपये नकद भी ले गए। इसके बावजूद बीमा दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। काफी दबाव बनाने पर फरवरी 2022 में 50 हजार रुपये वापस किए गए, लेकिन शेष 4.70 लाख रुपये नहीं लौटाए गए। आरोप है कि रुपये मांगने पर दोनों ने फोन उठाना बंद कर दिया और दूसरे नंबर से संपर्क करने पर धमकी भी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकेश कुमार राय और रुबी राय उर्फ प्रियंका राय के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



