खाते का एटीएम व पासबुक दोस्त को देकर कमीशन लेने का आरोप
आजमगढ़। लखनऊ निवासी एक व्यक्ति से फर्जी एप के माध्यम से 21.17 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर सेल की जांच के बाद कोतवाली पुलिस ने आजमगढ़ निवासी एक युवक और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, लखनऊ के सरोजनीनगर निवासी संजय महरोत्रा ने एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि साइबर ठगों ने फर्जी एप के जरिए उनसे कुल 21.17 लाख रुपये ठग लिए। जांच के दौरान पता चला कि ठगी की रकम में से 90 हजार रुपये 28 नवंबर 2025 को एक बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए। तकनीकी जांच में सामने आया कि उक्त बैंक खाते से उसी दिन लखनऊ में एटीएम के माध्यम से नौ बार में पूरी रकम निकाल ली गई। जांच में खाता धारक मो. जैद निवासी आसिफगंज, आजमगढ़ का नाम सामने आया। पूछताछ में मो. जैद ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान ऑनलाइन PUBG गेम खेलने के दौरान लखनऊ निवासी ताहा से हुई थी। ताहा ने पैसों का लालच देकर उसका बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड ले लिया तथा खाते का इस्तेमाल किया। इसके बदले उसे 5,000 रुपये कमीशन भी दिया गया था। साइबर सेल की जांच में यह भी सामने आया कि उक्त बैंक खाता एक अन्य साइबर धोखाधड़ी की शिकायत में भी शामिल पाया गया। इसके आधार पर पुलिस ने मो. जैद और ताहा के खिलाफ साइबर धोखाधड़ी में सहयोग और अन्य सुसंगत धाराओं में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



