आजमगढ़ : नर्सिंग होम में महिला की मौत पर बवाल, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

Youth India Times
By -
0


बिना सूचना दूसरे अस्पताल भेजने का आरोप, इलाज के दौरान बिगड़ी थी हालत
बलिया-लखनऊ मार्ग पर जाम, पुलिस के समझाने पर बहाल हुआ यातायात
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव स्थित आर्य नंदिनी नर्सिंग होम में उपचार के दौरान एक महिला की मौत के बाद बुधवार को जमकर हंगामा हो गया। परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए बलिया-लखनऊ मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर यातायात बहाल कराया। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान मऊ जिले के घोसी क्षेत्र निवासी रामदुलारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार उन्हें हार्निया की शिकायत पर सठियांव स्थित आर्य नंदिनी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था, जहां उनका उपचार चल रहा था। आरोप है कि इलाज के दौरान महिला की हालत बिगड़ने पर अस्पताल प्रशासन ने परिजनों को समय पर सूचना नहीं दी और बिना जानकारी दिए उन्हें दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजनों का कहना है कि जब तक उन्हें इसकी जानकारी मिली, तब तक रास्ते में ही महिला की मौत हो चुकी थी। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने नर्सिंग होम के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए बलिया-लखनऊ मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर मुबारकपुर थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जाएगी तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और निजी अस्पतालों की नियमित जांच की मांग की है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)