मिलावटी शराब की बिक्री रोकने को अभियान, दुकानदारों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने की सख्त हिदायत
आजमगढ़। अम्बारी क्षेत्र में अवैध एवं मिलावटी शराब की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से मंगलवार देर शाम अम्बारी चौकी प्रभारी सतेंद्र कुमार ने पुलिस बल के साथ सरकारी मदिरा दुकानों पर सघन जांच अभियान चलाया। अचानक हुई कार्रवाई से शराब ठेकों पर हड़कंप मच गया और दुकानदारों में हलचल देखी गई। पुलिस टीम ने अम्बारी, बिलारमऊ, भेड़िया और पलिया बाजार स्थित सरकारी शराब की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान शराब की बोतलों पर लगे क्यूआर कोड को मोबाइल फोन से स्कैन कर उनकी वैधता और गुणवत्ता की जांच की गई। साथ ही दुकानदारों को केवल अधिकृत एवं गुणवत्तापूर्ण शराब की बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। चौकी प्रभारी सतेंद्र कुमार ने दुकानदारों को ठेकों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगने देने, सड़क और मार्ग पर वाहनों का जमावड़ा न होने देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब दुकानों के संचालकों में दिनभर चर्चा का माहौल रहा। वहीं स्थानीय लोगों ने भी अभियान की सराहना करते हुए इसे मिलावटी शराब की बिक्री और अव्यवस्था पर अंकुश लगाने की दिशा में प्रभावी कदम बताया। अभियान में चौकी प्रभारी के साथ पुलिसकर्मी अरविंद यादव, प्रवीण दुबे, सुनील यादव, प्रदीप कुमार, अमन यादव, अच्छेलाल, बुद्धिराम सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

